'आकाश के साथ पति-पत्नी की तरह रही'
पीड़िता ने मुख्यमंत्री कार्यालय को दी शिकायत में बताया कि वह 26 जून 2022 से आरोपी आकाश के साथ सहमति संबंध में पति-पत्नी की तरह रह रही थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद आकाश शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा और नौकरी कर पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। एक दिन आकाश ने उसे कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर जबरन पिलाई और मौका पाकर उसके निजी फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद वह इन्हीं वीडियो-फोटो के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा और पैसे न देने पर उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देने लगा।
'बदनामी के डर से चुप रही'
पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार आरोपी से पीछा छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसकी बुरी तरह पिटाई की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें भी आईं। समाज में बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही। आरोपी ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर भी उसकी निजी तस्वीरें डाल दीं।
निजी वीडियो किए सार्वजनिक
1 जुलाई 2026 को आकाश ने दोबारा व्हाट्सऐप स्टेटस और पीड़िता की इंस्टाग्राम आईडी पर उसके निजी वीडियो-फोटो सार्वजनिक कर दिए। इससे पीड़िता की छवि को गहरा नुकसान पहुंचा और वह लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों से भयभीत हो गई। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।