तेलगुड़वा में आकाशीय बिजली गिरने से मृतक- दीपक कुमार (फाइल फोटो) स्रोत परिजन
- फोटो : samvad
चोपन/हाथीनाला। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव में शुक्रवार को दोपहर में बिना मान्यता चल रहे स्कूल पर बिजली गिरने से दो छात्रों की मौत हो गई। हादसे में दो छात्राएं भी झुलस गईं। उन्हें चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया, वहां से एक छात्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। टिन शेड में चल रहे स्कूल को इस घटना के बाद सील कर दिया गया।
कोटा गांव के नौटोलिया में ब्रह्मदेव आइडियल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार की दोपहर में पढ़ाई चल रही थी। इसी बीच बारिश के साथ बिजली गिरने से कक्षा तीन के छात्र अरविंद (8), कक्षा 9 के छात्र दीपक (13) के अलावा छात्रा सोनमति (16) और रेखा (15) झुलस गईं। घटना से विद्यालय में अफरातफरी मच गई। सारे बच्चे कमरे से बाहर निकल आए। झुलसे छात्र-छात्राओं को चोपन सीएचसी लाया गया, यहां पर डॉक्टरों ने अरविंद और दीपक को मृत घोषित कर दिया। रेखा की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ सिटी रणधीर मिश्र, चोपन एसओ कुमुद शेखर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उधर, नायब तहसीलदार के साथ पहुंचे बीईओ ने विद्यालय को सील करा दिया। लंबे समय से यह विद्यालय बिना मान्यता के चल रहा था। सीओ रणधीर मिश्र ने बताया कि दोनों छात्रों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेलगुड़वा में आकाशीय बिजली गिरने से मृतक- दीपक कुमार (फाइल फोटो) स्रोत परिजन- फोटो : samvad