अनाज मंडी से बाजरे की उठान शुरू
तावडू। तावडू अनाज मंडी में उठान नहीं होने के कारण हजारों क्विंटल बाजरा रविवार को बारिश में पूरे दिन भीगता रहा। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सोमवार को अनाज मंडी से बाजरे की उठान शुरू कर दी है। वहीं, खुले में रखे बाजरे की बोरियों को पॉलिथिन से ढक दिया है।
बता दें कि 29 दिसंबर से एक जनवरी तक बाजरे की खरीद दोबारा शुरू की गई थी। लगभग 5 हजार क्विंटल बाजरे की उठान खरीद के दौरान ही कर ली गई थी। लेकिन, मंडी में लेबर की समस्या के कारण करीब 7 हजार क्विंटल बाजरे की उठान नहीं हो पाई थी। इस बीच रविवार को पूरे दिन तेज बारिश में हजारों क्विंटल बाजरा भीगता रहा। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया तो सोमवार को प्रशासन हरकत में आया और मंडी में रखे बाजरे की उठान शुरू कर दी। तावडू वेयरहाउस के प्रबंधक जगदीश बांगड़ ने बताया कि अनाज मंडी में बाजरे की बोरियों को पॉलिथिन से ढक दिया गया है। बाजरे की उठान भी शुरू हो गई है।