नहरी पानी से जोड़ने के लिए सीएम को लिखा पत्र
फिरोजपुर झिरका। जमीनी पानी का स्तर घटने व बरसात की कमी के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है। फसलों की सिंचाई करना महंगा होता जा रहा है। स्थानीय जागरूक किसान मंच ने सीएम को पत्र लिख कर नहरी पानी पहुंचाने की मांग की है।
फिरोजपुर झिरका के किसानों ने कहा कि यहां गेंहू व सरसों की बंपर पैदावार होती है। फिर भी यह क्षेत्र नहरी पानी से वंचित है। किसान जागरूक मंच की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेजे पत्र में बताया कि किस मुश्किल से किसान फसल उगा कर अपने परिवार की आजीविका चला रहा है। मंच के अध्यक्ष अलीम ने बताया कि जिले के अन्य हिस्सों में नहरें हैं लेकिन फिरोजपुर झिरका में आज तक एक भी नहर व नाला नहीं बन पाया है। मंच ने पत्र लिख कर फिरोजपुर झिरका की उपजाऊ भूमि को नहरी पानी से जोड़ने की मांग की है।