यमुना सिटी (संवाद)। जेवर के मंगरौली रोड स्थित गोरखनाथ बाबा जाहरवीर मंदिर में पिछले सात दिनों से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को विधिवत समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन आचार्य नरेश महाराज ने मनुष्य जीवन में अहंकार को त्यागने और प्रभु की भक्ति में लीन होने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पद और प्रतिष्ठा मिलने पर व्यक्ति को कभी भी अहंकारी नहीं होना चाहिए। कथा के समापन के बाद उन्होंने सभी भक्तों से भागवत जी का पूजन कराया और आशीर्वाद के लिए निवेदन करते हुए विदाई ली। इस अवसर पर महंत विजय शास्त्री, नवीन गुप्ता, शिवकुमार तालान, कुलदीप तालान, पिन्टू सिंह, छीतरमल तालान, विपिन वशिष्ठ, नीतीश छोंकर, विकास वशिष्ठ, कुलदीप पंडित और सुरेन्द्र कौशिक उपस्थित रहे।
ठुमरी सुनकर झूमे श्रोता
ग्रेटर नोएडा। वेदांत पाठशाला ग्रेटर नोएडा एवं शाम्भवी क्रिएटिव फाउंडेशन की ओर से शनिवार को सुर संग सावन संगीत संध्या का आयोजन हुआ। इस मौके पर प्रस्तार बनारस घराने के गायक बृजेश मिश्र की ठुमरी सुन श्रोता झूम उठे। राग खमाज पर आधारित ठुमरी अब का बजायो श्याम बांसुरिया से किया। सावन माह में विशेष रूप से गाई जाने वाली कजरी और झूला को अपनी आंचलिक महक और बोल बनाव, मींड और काकु-भेद के साथ मनमोहक रूप में प्रस्तुत किया। इस मौके पर दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को और बेहतर बनाते हैं। इस मौैके पर तृप्ति तिवारी और नृत्यांगना डॉ. शाम्भवी शुक्ला मौजूद रहीं। ब्यूरो