आबकारी विभाग और बिसरख कोतवाली पुलिस ने ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 से बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आबकारी विभाग ने बिसरख कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 के एक मकान से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर मार्च माह में दुकानों से सस्ती कीमत पर शराब खरीदी थी। अब उस पर चालू वित्तीय वर्ष के स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा था। मकान से अंग्रेजी शराब की 435 बोतल और 1911 बियर की पेटी व 56 स्टीकर बरामद किए गए हैं। शराब की कीमत करीब 90 लाख रुपये है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की पहचान सचिन कुमार जायसवाल निवासी मिल्कीपुर गांव अयोध्या के रूप में हुई है। इस समय आरोपी नोएडा के सेक्टर-30 में रह रहा था। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से शुरू होने वाली दुकानों का आवंटन नई आबकारी नीति के तहत किया गया था। ऐसे में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लाइसेंस धारकों को 31 मार्च तक दुकान का पूरा स्टॉक खत्म करना था। इसके लिए मार्च माह में ऑफर पर सस्ती शराब भी बेची गई। तभी आरोपी ने भी 30 से 50 प्रतिशत सस्ती कीमत पर बड़ी मात्रा में शराब खरीद ली। उन्होंने बताया कि आरोपी तीन से चार दुकानों पर सेल्समैन का काम कर चुका है। उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं, उनकी पहचान की जा रही है। बरामद शराब की कीमत करीब 90 लाख रुपये है।
मकान से इतनी शराब हुई बरामद
हो-गार्डन बियर ब्रांड बियर की 1570 पेटी, हूपर विटबियर ब्रांड बियर की 340 पेटी, ब्लेंडर ब्लू ब्रांड की 48 बोतलें, ब्लेंडर ब्लैक ब्रांड की 48 बोतलें, वन मोर वोडका ऑरेंज की 11 बोतलें, वन मोर वोडका क्रैनबेरी की 8 बोतलें, ओ-पीएम की 4 बोतलें, मैकडॉवेल प्रीमियम डार्क रम ब्रांड की 48 बोतलें, रॉयल स्टैग बैरल की 7 बोतलें, 8 पीएम की 12 बोतलें, टीचर हाइलैंड रिजर्व की 24 बोतलें, अल्कोब्रू सिंगल ओक सुपीरियर ग्रेन व्हिस्की की 4 बोतलें, नेफ्ट वोडका ब्लैक की 12 बोतलें, नेफ्ट वोडका व्हाइट की 12 बोतलें, नॉटिलस प्रीमियम ब्लेंडेड एक्सओ ब्रांडी की 20 बोतलें, मैकडॉवेल प्रीमियम सिट्रॉन रम की 8 बोतलें, लिफ्ट अप ग्रीन एप्पल वोडका की 13 बोतलें, बीरा 91 सुपर फ्रेश मॉडर्न व्हाइट बियर की 24 बोतलें और पेटिना व्हाइट वाइन की 12 बोतलें बरामद हुई हैं।