-11 मई आधी रात तक बढ़ाई फॉर्म भरने की तिथि परीक्षा शाखा ने
-कई छात्रों ने नहीं भरे हैं परीक्षा फॉर्म
-12 मई से शुरू हो रही हैं कुछ परीक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में अंतिम वर्ष समेत ईवन सेमेस्टर की परीक्षाएं मई के तीसरे सप्ताह से शुरू होने जा रही हैं, यह जून तक चलेंगी। वहीं कई परीक्षाएं 12 मई से भी शुरू होंगी। इन परीक्षाओं के लिए कई छात्रों ने अब तक परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। इस कारण से वह परीक्षा देने से वंचित हो सकते हैं। ऐसे में परीक्षा शाखा ने छात्रों को राहत परीक्षाओं में शामिल होने का आखिरी मौका दिया है। परीक्षा शाखा ने परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को 11 मई आधी रात तक के लिए बढ़ा दिया है।
छात्र अपना परीक्षा फॉर्म 11 मई आधी रात 11 बजकर 55 मिनट तक ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके बाद परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। विद्यार्थियों को पोर्टल पर जाकर परीक्षा फॉर्म भरने से पहले नामांकन नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना है। परीक्षा फॉर्म भरने के लिए उन्हें मूलभूत जानकारी, नाम, नामांकन संख्या, प्रोग्राम का चयन करना होगा। हर विद्यार्थी के लिए परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य है। इसके साथ ही बीएलएड, बीएड, एमएड के पहले, दूसरे व तीसरे, चौथे सेमेस्टर के लिए भी 11 मई तक ही परीक्षा फॉर्म भरना है। परीक्षा फॉर्म भरने के लिए छात्रों का उसका प्रिंट आउट जरूर लेकर रखना है।