सोसाइटी में पसर रहा डेंगू पर जांच में नहीं मिला लार्वा
-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 11 सोसाइटियों में की लार्वा की जांच
-50 से अधिक सोसाइटियों में है डेंगू के मरीज, छिड़काव नहीं कराने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों में डेंगू पैर पसार रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की जांच में डेंगू मच्छर का लार्वा नहीं मिला है। वहीं लोगों का कहना है कि ज्यादातर सोसाइटी में डेंगू के मरीज हैं। रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। उधर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सोसाइटियों में जांच करने के साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि एक दिन में चार से पांच मरीज डेंगू के सामने आ रहे हैं। ज्यादातर सोसाइटियों के बेसमेंट में पानी भरा हुआ है। साथ ही आसपास के नालों में भी डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। लोगों ने इसकी शिकायत प्राधिकरण और प्रशासन से की थी। जिस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को जांच करने का आदेश दिया था। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों का सर्वे शुरू किया है।
बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सचिंद्र मिश्रा ने बताया कि शनिवार को ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज वन, ग्रीन आर्क, पंचशील ग्रींस वन, लेजर वैली, स्टेलर वन, चेरी काउंटी, हिमालय प्राइड समेत 11 सोसाइटियों में टीम पहुंची। जिन घरों में डेंगू मरीज है। उनके आसपास के घर और क्षेत्र की जांच की। वहां लार्वा नहीं मिला है। घरों में रखे कंटेनरों को भी देखा गया। किसी जगह पर पानी जमा मिला है तो उसे साफ कराया गया। गमलों की भी जांच की गई है। उन्होंने बताया कि हर सोसाइटी में 40 से 50 घरों की जांच की गई है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगर किसी घर में डेंगू मरीज की पुष्टि होती है तो टीम तुरंत मौके पर जाकर जांच करेगी।