बिल्डर साइट पर जमीन की पैमाइश का काम शुरू
-भूटानी बिल्डर के खिलाफ 61 दिन से धरने पर बैठे हैं किसान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-142 में किसानों की मांग पर बुधवार को जमीन की पैमाइश का काम शुरू हो गया। बीते करीब दो माह से किसान यहां धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि भूटानी बिल्डर की परियोजना में उनकी जमीन चली गई है, जबकि प्राधिकरण इससे इंकार कर रहा है।
विवाद के बाद प्राधिकरण की ओर से जमीन की पैमाइश के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया था। पत्र के बाद प्रशासन और प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जमीन की पैमाइश का काम शुरू हुआ। किसानों का कहना है कि प्राधिकरण ने गलती से उनके खसरे की जमीन बिल्डर को दे दी है, जबकि प्राधिकरण का कहना है कि बिल्डर को दो खसरे की जमीन दी गई है। इसमें किसानों की लगाई गई आपत्ति वाली जमीन नहीं है, लेकिन किसान नहीं मान रहे थे। उन्होंने बीते दिनों महापंचायत के बाद बिल्डर साइट पर काफी हंगामा भी किया। इसके बाद प्राधिकरण के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर जमीन की पैमाइश का आग्रह किया गया।
बुधवार को शुरू की गई पैमाइश करीब पांच घंटे चली। इसमें नोएडा प्राधिकरण के लेखपाल प्रवेश दीक्षित, महेश, मुकुल कुमार, वर्क सर्किल के अधिकारी गिरीश कुमार, चंदन के अलावा सदर तहसीलदार डॉ. अजय कुमार, कानूनगो कुंवर पाल, तहसीलदार ममता चौधरी, सुनील कुमार, प्रवेश कुमार, अनिल कुमार शामिल रहे। यहां एसीईओ सुमित शुक्ला, सेक्टर-142 थाना प्रभारी,भारतीय किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी, रेखा सिवल, उपाध्यक्ष वीर सिंह भाटी, महासचिव शौकत अली, यशपाल भाटी, प्रदेश अध्यक्ष हातम सिंह भाटी, रामवीर आदि मौजूद रहे।