फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News Live: फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए सबूत, दो कारतूस हुए बरामद

Thu, 07 Oct 2021 10:57 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, लखीमपुर खीरी

खास बातें

Lakhimpur Kheri Incident Live Updates: लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा का मुद्दा अभी थमा नहीं है। गुरुवार को भी इस पर सियासत जारी है। एक ओर इस मामले में जहां न्यायिक जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग का गठन कर दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है। आज अखिलेश यादव ने पत्रकार रमन के परिजनों से मुलाकात की है। वहीं, पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्र के बेटे को आठ अक्तूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। यहां पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
विज्ञापन
घटनास्थल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:57 PM, 07-Oct-2021

भाजपा का हो गया है अपराधीकरण: दिग्विजय

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने झांसी के ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा भाजपा का अपराधीकरण हो गया है। इसका ताजा उदाहरण लखीमपुर खीरी कांड है। उन्होंने कहा लखीमपुर-खीरी कांड के आरोपी राज्यमंत्री का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है इसके बाद भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। दिग्विजय यहां पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराने आए थे।
 

09:12 PM, 07-Oct-2021

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए

लखीमपुर खीरी तिकुनिया कांड की जांच तेज करते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल से दो कारतूस मिले हैं। इसके अलावा कपड़े, जूता चप्पल, लाठी डंडे मिले हैं। आईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जांच टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। इसके अलावा जिस किसी के पास घटना से संबंधित साक्ष्य या वीडियो हैं तो वह मोबाइल नंबर 9454403800 पर भेज सकता है।
 

08:57 PM, 07-Oct-2021

एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष लालजी भी रमन के घर पहुंचे

एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष लालजी प्रसाद ब़ृहस्पतिवार को पत्रकार रमन कश्यप के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनके साथ है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। मामले में न्यायिक कमेटी का गठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर दिया है। रमन के भाई पवन कश्यप ने तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक पर आरोप लगाया है कि उनकी लापरवाही से रमन की जान चली गई। यदि समय से इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच जाती।

विज्ञापन
08:43 PM, 07-Oct-2021

राज्यमंत्री टेनी की बर्खास्तगी के बिना निष्पक्ष जांच संभव नहीं : सतीश चंद्र मिश्रा

बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा बृहस्पतिवार को तिकुनिया के संघर्ष में मारे गए टीवी पत्रकार रमन कश्यप के घर पहुंचे। उन्होंने रमन के पिता रामदुलारे से मिलकर उनको ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि अजय कुमार मिश्र के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के पद पर रहते निष्पक्ष जांच किसी तरह संभव नहीं है। वह भी ऐसी स्थिति में जब उनका पुत्र ही मुख्य आरोपी हो। अजय मिश्र से तत्काल इस्तीफा ले लेना चाहिए। उन्होंने मृतक के परिवार वालों को पांच करोड़ का मुआवजा देने की बात कही। कहा, पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस, मंत्री और बेटे को बचाया जा रहा है। सरकार की यह लीपापोती नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीम मायावती ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने न्यायालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा न्यायालय की निगरानी में जांच होनी चाहिए। 
 

07:45 PM, 07-Oct-2021

पुलिस ने आशीष मिश्र को हिंसा के मामले में आठ अक्टूबर को पेश होने को कहा

उत्तर प्रदेश पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा के लखीमपुर खीरी स्थित आवास के बाहर नोटिस चस्पा किया है। पुलिस ने उनके बेटे आशीष मिश्र को हिंसा के मामले में आठ अक्टूबर को पेश होने को कहा है। 

विज्ञापन
06:40 PM, 07-Oct-2021

शहावपुर टोल प्लाजा पर प्रियंका गांधी के काफिले की गाड़ियां बिना टोल दिए निकली

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शहावपुर टोल प्लाजा पर प्रियंका गांधी के काफिले की गाड़ियां बिना टोल दिए निकल गई।  टोल प्लाजा कर्मचारी अमित सिंह ने कहा कि काफिले की 70 से ज्यादा गाड़ियां टोल से गुजरी। जो पुलिसकर्मी खड़े थे उन्होंने गाड़ियों को फ्री करवाया जिससे 9-10 हज़ार रुपए का नुकसान हुआ है 
 

05:52 PM, 07-Oct-2021

पीड़ित परिवार न्याय चाहता है: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार न्याय चाहता है, सरकार तुरंत उन्हें मदद करें, साथ ही जो वादे किए हैं, उसको तुरंत पूरा करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पुलिस कप्तान फरार हैं और जांच जब हुई तो धाराएं बदल गईं। जिस वक्त एफआईआर दर्ज हुई थी, तब धाराएं दूसरी थीं। उन्होंने कहा कि जिसके साथ भी अन्याय हुआ है, समाजवादी पार्टी उसके साथ खड़ी हुई है।

05:24 PM, 07-Oct-2021

पत्रकार रमन कश्यप के परिजनों से मिले अखिलेश यादव

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में मारे गए पत्रकार रमन कश्यप के परिजनों से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलाकात की। इसके बाद अखिलेश यादव मीडिया से मुखातिब हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि जिस केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है जनता की रक्षा करना, उसी सरकार में गरीब और पीड़ित को न्याय नहीं मिलना, इससे खराब बात और क्या हो सकती है? यह निंदनीय बात है। 
 

05:16 PM, 07-Oct-2021

विरोध दर्ज कराकर लौट गए हरीश रावत

सरकार किसानों की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने की जगह विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर बरेली में यूपी पुलिस ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को हिरासत में ले लिया। इसके बाद हरीश रावत प्रशासन के मानने पर वापस लौट गए।
दरअसल यूपी के लखीमपुर खीरी में किसानों की गाड़ी कुचल कर हत्या के मामले में पीड़ित किसानों से मिलने के लिए आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बहेड़ी में यूपी उत्तराखंड बॉर्डर पर बने टोल प्लाजा पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे जहां पर छावनी बने टोल प्लाजा पर यूपी पुलिस ने हरीश रावत को रोक लिया। इस पर हरीश रावत कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए और लखीमपुर खीरी जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने हरीश रावत को टोल प्लाजा में अस्थाई जगह पर बैठा दिया। स्थानीय प्रशासन के मनाने पर हरीश रावत वापस लौटने को तैयार हो गए। वहीं हरीश रावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज किसान अपने हक की आवाज़ उठाता है तो उसे गाड़ी से कुचल कर मार दिया जाता है और जब प्रियंका गांधी पीड़ित किसानों से मिलने के लिए जाती है तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है जबकि जो किसानों के हत्या के आरोपी है उन्हें अभी तक पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। अब देश में लोकतंत्र को खतरा हो गया है, जो भी अपने हक की आवाज़ उठाएगा उसे या मार दिया जाएगा या उसे जेल में डाल दिया जाएगा। इतना जुल्म तो अंग्रेजों के दौर में भी नहीं हुआ है जितना बीजेपी सरकार में हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमारा काम यहां आकर अपना विरोध दर्ज कराना था जो हो गया है यदि प्रशासन उन्हें लखीमपुर जाने की इजाज़त देता है तो वो पीड़ित किसानों से जरूर मिलेंगे। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड हरीश रावत ने मौके पर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उत्तराखंड के लिए वापस लौट गए। 

05:03 PM, 07-Oct-2021

सहारनपुर में हिरासत में लिए गए सिद्धू

सहारनपुर में हंगामा प्रदर्शन के बाद करीब 4:30 बजे पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री राजा अमरेंद्र सिंह और प्रगट सिंह के अलावा नवजोत सिंह सिद्धू और चार विधायकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद इन्हें बस में बैठाकर सरसावा की तरफ ले जाया गया है। नवजोत सिंह सिद्धू और कैबिनेट मंत्री राजा अमरेंद्र सिंह ने अपने तमाम समर्थकों से कहा कि बाकी लोग यहीं रहेंगे आगे नहीं जाएंगे। सभी लोगों ने नारेबाजी करते हुए इस पर अपनी सहमति भी जताई।
 

04:53 PM, 07-Oct-2021

लखीमपुर खीरी हिंसा जांच पर लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि फायरिंग या किसी हथियार के घायल होने की घटनाओं की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए हमें अन्य सबूतों के साथ आगे बढ़ना होगा जो हमें दिए गए हैं। हम लोगों ने 2 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है, उनके बयानों के आधार पर 3 अन्य की गिरफ़्तारी की गई। पूछताछ जारी है ये हमें बहुत सारी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, बहुत जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी

04:41 PM, 07-Oct-2021

लखीमपुर के किसानों की शहादत बनेगी हमारी ताकत: जयंत चौधरी

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने हापुड़ में कहा कि लखीमपुर के किसानों की शहादत हमारी ताकत बनेगी। मरते दम तक इन किसानों का नाम हमें याद रखना होगा। भाजपा की सरकार लोकतंत्र की हत्या कर, किसानों की आवाज को दबा रही हैै। लेकिन अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, मरते दम तक किसानों की लड़ाई लड़ूंगा। अपने दादा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जन्मभूमि ग्राम नूरपुर से जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि गांव नूरपुर वह भूमि है जहां उनके दादा का जन्म हुआ था। इस लड़ाई की शुरूआत करने के लिए वह अपनों के बीच आशीर्वाद लेने आए हैं। मरते दम तक वह किसानों की लड़ाई लड़ेंगे। रालोद 31 अक्तूबर को अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। अपने करीब 20 मिनट के भाषण में उन्होंने सरकार को गन्ना भुगतान, बिजली बिल, रोजगार व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर घेरा। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार बनने पर किसानों को किसान दिवस पर एक मुक्त 15 हजार रुपये सम्मान निधि देने का वादा किया। रैली में हजारों की संख्या में भीड़ उन्हें सुनने के लिए पहुंची।

04:26 PM, 07-Oct-2021

गिरफ्तार आरोपियों ने दी कई जानकारियां

लखनऊ आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया है कि दो हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की गई है। उन्होंने तीन अन्य लोग जिनकी मौत हो चुकी है की भूमिका की पुष्टि की है। इन लोगों से पूछताछ में कई जरूरी बातें पता चली हैं। हम मुख्य आरोपी आशीष मिश्र को भी पूछताछ के लिए समन भेज रहे हैं।

04:22 PM, 07-Oct-2021

कांग्रेसी कर रहे बैरिकेड तोड़ने का प्रयास

नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का जो काफिला निकला था उसे सहारनपुर के हरियाणा बॉर्डर पर यमुना नदी के पुल पर रोक लिया गया है। यहां भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात हैं और गाड़ियां रोकने के लिए बैरियर लगाए गए हैं। रोके जाने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया है और बैरिकेड भी तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

04:09 PM, 07-Oct-2021

पुलिस ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर, लोगों से अपील भेजें सबूत

आईजी लखनऊ रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि, जिला स्तरीय कमेटी मामले की जांच करेगी और अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी। जबकि न्यायिक जांच आयोग पूरे मामले की जांच करेगा। साक्ष्यों के आधार पर हम जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करेंगे। आईजी आगे बोलीं कि हमने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है जिस पर जनता के पास जो साक्ष्य हों वो भेज सकती है।

03:40 PM, 07-Oct-2021

मोहाली से पंजाब कांग्रेस के नेताओं लखीमपुर के लिए रवाना हुए सिद्धू और उनके साथ चल रहे लोगों को सहारनपुर में रोक लिया गया है।

03:37 PM, 07-Oct-2021

मामले में दो हिरासत में लिए

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है इनकी पहचान लवकुश और आशीष पांडेय के रूप में हुई है। दोनों अज्ञात में शामिल थे, अब पहचान कर हिरासत में लिए गए हैं। 

03:30 PM, 07-Oct-2021

तिकुनिया कांड के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अखिलेश

तिकुनिया में हुई घटना के पांचवें दिन आज तिकुनिया में प्रदर्शन के दौरान मारे गए किसान और पत्रकार के परिवार से मिलने उनके घर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे। अखिलेश पहले मझगई के चौखड़ा फॉर्म स्थित मृत लवप्रीत के घर पहुंचे और परिजन से करीब पच्चीस मिनट बात की। उन्होंने मंत्री और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि उन्होंने सरकार से मुआवजे के लिए दो करोड़ की मांग की थी। यदि पूरी नहीं हुई तो सपा सरकार आने पर पूरी करेंगे।

01:39 PM, 07-Oct-2021

सिद्धू के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस के नेता जा रहे लखीमपुर

मोहाली से पंजाब कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जा रहा है। वह अभी रास्ते में है। लखीमपुर घटना के विरोध में और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी न हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। नवजोत सिद्धू ने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा कि वे इंसाफ के लिए अपनी देह त्यागने को भी तैयार हैं। उनके साथ पंजाब सरकार के सभी मंत्री और कांग्रेस विधायक भी लखीमपुर खीरी गए हैं।

12:54 PM, 07-Oct-2021

सुप्रीम कोर्ट में कल होगी मामले की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लेने वाले केस की सुनवाई अब शुक्रवार को होगी।

12:46 PM, 07-Oct-2021

कल तक मामले की पूरी रिपोर्ट दे यूपी सरकार- सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी मामले में कल तक यूपी सरकार से सभी पहलुओं पर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। यूपी सरकार को कल तक अदालत में रिपोर्ट जमा करानी होगी।

11:58 AM, 07-Oct-2021

स्वतः संज्ञान नहीं हमने पीआईएल की तरह केस को रजिस्टर करने को कहा था- चीफ जस्टिस

लखीमपुर मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। चीफ जस्टिस एनवी रमण ने ने बताया कि मंगलवार दो वकीलों ने अदालत को खत लिखा था तो हमने रजिस्ट्री से मामले को पीआईएल की तरह रजिस्टर करने के लिए कहा था लेकिन संवाद में गड़बड़ी के चलते इसे स्वतः संज्ञान मामले की तरह रजिस्टर कर लिया गया। इस मामले की सुनवाई आज दिन में होगी।

11:13 AM, 07-Oct-2021

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर बोले- राहुल को नहीं मालूम क्या बोल रहे हैं क्या नहीं

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में न्याय की मांग कर रहे राहुल गांधी को लेकर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि, 'राहुल गांधी को मालूम नहीं कि क्या बोल रहे हैं क्या नहीं। जब वे लोग इससे सहमत हैं तो उनको ऐसी बात करने का क्या औचित्य है कि वे कह रहे हैं कि न्याय चाहिए। उन लोगों को न्याय मिलेगा, सरकार जांच कर रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

11:04 AM, 07-Oct-2021

अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी के लिए रवाना

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज सुबह लखनऊ से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुए। यहां वो मृतक किसानों और पत्रकार के परिवार से मुलाकात करेंगे। लखीमपुर के लिए रवाना होने से पहले अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कि आप न्याय की उम्मीद कैसे कर सकते हैं जब गृहराज्य मंत्री खुद लोगों धमकाएं। सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और हम उम्मीद करते हैं कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलेगा।

10:34 AM, 07-Oct-2021

लखीमपुर बवाल: फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए सबूत, दो कारतूस हुए बरामद

बुधवार देर रात तक प्रियंका गांधी और राहुल गांधी मृतक किसानों और पत्रकार के परिवारों से मिले। इसके बाद गुरुवार सुबह प्रियंका ने कहा है कि लोकतंत्र में न्याय हमारा अधिकार है। जब पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता मैं उनके लिए लड़ूंगी। मैं कल जिन भी परिवारों से मिली उनकी सिर्फ एक मांग थी कि हमें न्याय दिलाओ। उन्होंने कहा कि गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र की नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। जब तक मामले की जांच नहीं होती उनकी बर्खास्तगी होनी चाहिए।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें