माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव के पास स्थित एक कॉलोनी में करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर निर्माणाधीन मकान की छत पर लिंटर डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। घटना के बाद मकान मालिक मौके से भाग गया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लिया है।
शादीपुर छिड़ौली गांव निवासी यूसुफ उर्फ कलवा रोजा जलालपुर गांव के पास स्थित ए-1 कॉलोनी में लिंटर के लिए छत पर सरिया का जाल बिछा रहा था। सरिया लेकर छत पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने मुआवजा दिलवाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है।