-आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों ने लिए मिट्टी के नमूने, टोपोग्राफी सर्वे भी किया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर के पास सेक्टर-38 तक बन रहे 5.96 किलोमीटर लंबे चिल्ला एलिवेटेड रोड के बाद अब इसके आगे सेक्टर-94 तक एलिवेटेड रोड बनाने की परियोजना की तैयारी भी आगे बढ़ी है। इसके लिए आईआईटी रुड़की ने परीक्षण के लिए मिट्टी के नमूने लिए हैं। वहीं ढलान और ऊंचाई के लिए टोपोग्राफी सर्वे भी किया है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अगले 10 दिनों में डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मिल जाएगी। तभी इसमें लागत का आकलन हो सकेगा।
नई एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस-वे के ऊपर ही सेक्टर-38 के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़कर सेक्टर-94 गोल चक्कर तक बनाई जाएगी। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड से दिल्ली और सेक्टर-15 की ओर से जाने वाले वाहन बिना एक्सप्रेस-वे पर उतरे सीधे सेक्टर-94 पहुंच सकेंगे। आगे एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है जिससे ग्रेटर नोएडा तक का सफर आसान हो जाएगा।
प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि एलिवेटेड रोड के लिए दो विकल्प देखे गए हैं। पहला विकल्प यह है कि इसे सीधे शहदरा नाले के साथ ले जाकर ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के आगे से बाएं मोड़कर सीधे यमुना-पुश्ता रोड पर उतारा जाए। इसके लिए सिंचाई विभाग की सहमति भी मांगी गई है। दूसरा विकल्प सेक्टर-94 के गोल चक्कर पर ही उतारने का है। आईआईटी एक विकल्प का चयन कर डीपीआर तैयार करेगा। इसके आने के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।