- गौतमबुद्ध नगर में नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित प्रतियोगिताओं पर रोक के आदेश का असर, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए जारी निर्देशों का असर जिले की खेल प्रतियोगिताओं पर भी पड़ने लगा है। इसी क्रम में नोएडा के सेक्टर-50 स्थित रामाज्ञा स्कूल में एक नवंबर को होने वाली तीसरी उत्तर प्रदेश स्टेट कुन बोकाटोर चैंपियनशिप अब 31 अक्तूबर को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का स्थल और समय पूर्व निर्धारित रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, प्रदूषण संबंधी पाबंदियों को देखते हुए तारीख में बदलाव किया गया है। इसकी जानकारी सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को दे दी गई है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 100 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें गौतमबुद्ध नगर के लगभग 20 खिलाड़ी शामिल होंगे। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में मुकाबले होंगे।
जिला कुन बोकाटोर एसोसिएशन के संस्थापक एवं महासचिव जफर खान ने बताया कि चैंपियनशिप पहले एक नवंबर को प्रस्तावित थी, जिसे अब एक दिन पहले कराने का निर्णय लिया गया है।
नियमों का पालन जरूरी :
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि सभी आयोजकों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में प्रतियोगिताओं के आयोजन से पहले लागू निर्देशों की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्था करना जरूरी है।