लगातार मिल रहे कोविड मरीज, जांच का दायरा बढ़ेगा
- 21 हुई सक्रिय केसों की संख्या, 20 मरीज होम आइसोलेशन में, एक भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के निजी अस्पतालों में लगातार बढ़ते कोविड के मामलों के बीच जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 21 हो गई है। जबकि करीब एक सप्ताह पहले ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3500 मरीजों की जांच के बाद भी कोविड का एक भी नया मामला सामने नहीं आया था। पर अब इंफ्लुएंजा व कोविड के लक्षणों में समानता ने स्वास्थ्य विभाग के साथ आम लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग संदिग्धों की जांच का दायरा बढ़ाने जा रही है।
देश में इंफ्लुएंजा एच3एन2 के केसों को देखते हुए प्रशासन ने जिले में सर्दी-खांसी के मरीजों की कोविड व इंफ्लुएंजा जांच करवाने का निर्देश दिया है। विभाग को माइक्रो लेवल पर हालात का जायजा लेने, सर्विलांस, टेस्टिंग, मानिटरिंग और कोविड क्लस्टर की पहचान करने का भी निर्देश दिया गया है। वैसे इन्फ्लूएंजा का अभी तक एक भी पाजीटिव मरीज जिले में नहीं मिला है। हालांकि कोरोना के 21 नए मामले सामने सामने आए हैं। इनमें 20 मरीज होम आइसोलेशन में व एक मरीज कैलाश अस्पताल में भर्ती है। जबकि अस्पतालों की ओपीडी में 50 प्रतिशत से अधिक सर्दी खांसी के भी मरीज हैं। जिला पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डा. अमित कुमार के ने बताया कि सेक्टर-110 स्थित भंगेल सीएचसी में कोविड मरीजों के इलाज की सुविधा उपलब्ध है। जल्द ही अन्य संदिग्धों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।