नगीना(राजूद्दीन जंग)। इस वक्त कृषि कानूनों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों में घमासान जारी है। पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। किसान हितैषी होने का सभी पार्टियां दावे कर रही हैं, लेकिन आज भी जिले के किसान परेशान हैं। उन्हें फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है। नगीना में 12 साल पहले तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बड़कली चौक पर किसान भवन बनाने का एलान किया था, जो अभी तक नहीं बन सका है।
कस्बे में किसानों के लिए अनाज मंडी भी नहीं है। फिरोजपुर झिरका, नूंह, पुन्हाना और तावडू खंडों में किसान जाने को मजबूर हैं। पूर्व मंत्री अजमत खान की बरसी पर 17 जनवरी 2008 को पुन्हाना की एक रैली में तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगीना में किसान भवन, बस अड्डा और रीठट बिजली घर बनाने की घोषणा की थी। इनमें से केवल रीठट बिजलीघर बन पाया है। जबकि किसान भवन और बस अड्डा अभी तक नहीं बना हैै। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। (संवाद)
किसानों के मुद्दों पर केवल राजनीति होती है। नगीना क्षेत्र के किसान अनाज मंडी, किसान भवन और नहरी पानी के लिए आज भी जद्दोजहद कर रहे हैं पता नहीं कब किसानों को सुविधाएं मिलेंगी। - जफर हुसैन धौलपोश, पूर्व जिला पार्षद पति।
किसान हितैषी होने का दावा तो सभी कर रहे हैं लेकिन काम कोई नहीं कर रहा है। किसान भवन 12 साल पहले की घोषणा है। कई बार संगठन आवाज उठा चुके हैं। सरकार समस्याओं को अनसुना कर रही है। - सलामुद्दीन, अध्यक्ष एवं किसान नेता मेविस।
हरियाणा सरकार में मैं जब डिप्टी स्पीकर था तब नगीना में किसान भवन, बस अड्डा और रीठट में बिजली घर बनाने की घोषणा पूर्वमंत्री अजमत खान की बरसी पर की गई थी। किसान भवन जरूर बनना चाहिए। - आजाद मोहम्मद, जजपा प्रभारी एवं पूर्व मंत्री
हरियाणा सरकार ने किसान भवन बनाने की घोषणा की थी तो उसकी फाइल निकलवाकर पूरी प्रक्रिया के साथ उच्चाधिकारियों के मार्फत सरकार को भेजी जाएगी। जल्द ही बड़कली चौक पर निर्माण कराया जाएगा। - धीरेंद्र खड़गटा, उपयुक्त नूंह।