नौवीं के छात्र को छोड़ने के लिए मांगी दो करोड़ की फिरौती
जेवर। कस्बा निवासी नौवीं के छात्र के अपहरण के बाद बदमाश परिजनों से दो करोड़ की फिरौती की मांग कर रहे हैं। अपहृत छात्र की अंतिम लोकेशन पलवल, हरियाणा में मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की तीन टीमों ने वहां डेरा डाल रखा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी परिवार के जान पहचान के हो सकते हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को शक के आधार पर हिरासत में भी लिया है, जिनसे कुछ अहम सुराग लगे हैं। दावा है कि जल्द छात्र की बरामदगी कर ली जाएगी।
टप्पल रोड निवासी मनुदेव शनिवार को बुलेट मोटरसाइकिल से खेतों पर घूमने गया था। जो कि वहां से लापता हो गया। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की थी। फिर सोमवार को अपहरण का केस दर्ज कर लिया। आरोप है कि खेतों में बंटाई का काम करने वाले गिरधारी को फोन कर आरोपियों ने दो करोड़ की फिरौती मांगी है। छात्र के दादा को लगभग 39 बीघा जमीन का जेवर बांगर में मुआवजा मिला है। खेतों से ही मनुदेव के गायब होने और अपहरणकर्ताओं का फोन आने के चलते पुलिस के शक की सुई गिरधारी पर घूम गई है। पुलिस ने गिरधारी के कॉल की लोकेशन निकाली है। गिरधारी की कई बातें संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को उससे कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।