आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर पहलवानों से मुलाकात की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन मिला है। मंगलवार को आप की वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने जंतर-मंतर जाकर पहलवानों से मुलाकात भी की। उन्होंने केजरीवाल की ओर से पहलवानों को आम आदमी पार्टी से समर्थन का आश्वासन दिया। पहलवानों ने आप के समर्थन का स्वागत किया।
रीना ने भाजपा पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि कई शिकायतों के बावजूद भी भाजपा के एक ऐसे नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जिसने युवा लड़कियों को नुकसान पहुंचाया है। इस कारण ओलंपिक पदक विजेताओं को न्याय के लिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। यह शर्मनाक है कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। प्राथमिकी भी दर्ज नहीं होने दे रही है। मामले की जांच के लिए बनी कमेटी ने अभी तक रिपोर्ट नहीं सौंपी। इससे यह संदेह पैदा होता है कि आखिर क्या छुपाया जा रहा है और दोषी सांसद को क्यों बचाया जा रहा है। ओलंपिक पदक विजेताओं को उस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया जा रहा है जो बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का पालन करने का दावा करती है।