प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा- आप प्रमुख ने झूठ और भ्रम की राजनीति की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने झूठ और भ्रम की राजनीति की। अब जब जनता ने उन्हें नकार दिया है तो भी आप प्रमुख भ्रम फैलाकर राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह दुखद है कि केजरीवाल राजनीतिक पश्चाताप करने की जगह झूठे दावे कर रहे हैं और अच्छा शासन देने की बातें कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी घोटाले हुए। क्लासरूम निर्माण से लेकर मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों तक में भ्रष्टाचार सामने आया। वहीं, पानी व्यवस्था की दुर्दशा ऐसी थी कि गर्मी तो छोड़िए सर्दी में भी आधी दिल्ली टैंकरों के भरोसे थी। अब चाहे केजरीवाल कितनी भी बयानबाजी कर लें दिल्ली की जनता सच जान चुकी है और उनके झूठे दावों से प्रभावित नहीं होगी।