कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के नामित सदस्यों ने वीरवार को अधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार ग्रहण किया। मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने औपचारिकता पूरी करवाई तो उन्हें मिले दायित्व का भी बोध कराया।
दोपहर बाद केडीबी कार्यालय में ही हुई बैठक में यह कार्रवाई की गई।इस दौरान मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने कहा कि जहां सरकार ने यह जिम्मेदारी सौंपी है वहीं पुण्य का कार्य भी है। हमें 48 कोस के अधीन आने वाले 182 तीर्थों के विकास के विजन को लेकर काम करना होगा। इसके लिए हर सदस्य के सहयोग की जरूरत है। यहीं नहीं हमें सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को साथ मिलकर बेहतर कार्य करने के लिए हर समय प्रयासरत रहना होगा।
उन्होंने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के गठन से लेकर अब तक हुए बदलावों व तीर्थों के हुए विकास पर विस्तार से चर्चा की। इन सदस्यों में अशोक रोशा, गुरनाम सैनी, हरमेश सैनी, राजेश शांडिल्य, संजय चौधरी, अलकेश मोदगिल, संदीप छाबड़ा, जितेंद्र, रोशन बेदी मौजूद रहे और सभी ने मानद सचिव को भरोसा दिलाया कि मिलकर बेहतर कार्य किए जाएंगे ताकि सरकार के साथ आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरा जा सके।