शिक्षा के साथ खेलों में भी निपुण होंगी कस्तूरबा की छात्राएं
- जिले के तीनों कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में पांच सदस्यीय कमेटी गठित, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल समेत खेलों के सीखेंगी गुर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया-फिट इंडिया अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में निपुण बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिले के तीन कस्तूरबा विद्यालयों में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। विद्यालय में खेल सामग्री के साथ छात्राओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए शासन से तीनों विद्यालयों के लिए दस-दस हजार रुपये का बजट आ गया है।
गौतमबुद्ध नगर में दनकौर, जेवर व दादरी में कस्तूरबा विद्यालय हैं। उनमें करीब 250 छात्राएं शिक्षा प्राप्त करती हैं। उनको अब शिक्षा के साथ-साथ खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबाल, बैंडमिंटन, कुश्ती, एथलीट आदि खेलों में निपुण बनाया जाएगा। इसके लिए दादरी में आजाद बाला, दनकौर में चित्रकला और जेवर में प्रति चौधरी को कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ताकि खेलों के गुर सीख कर छात्राएं राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन सकें। विभाग का कहना है कि जिला क्रीड़ा अधिकारी के निर्देशन में छात्राओं को राज्य स्तरीय होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। दादरी और जेवर में 100-100 छात्राएं और दनकौर में 50 छात्राएं अध्ययनरत हैं।
तीनों कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की छात्राओं को खेलों में निपुण बनाने के लिए कमेटी का गठन किया गया। छात्राओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन की ओर से बजट जारी किया गया है।
राहुल पंवार, बेसिक शिक्षा अधिकारी।