-भंगेल की बेटी के चयन पर समाज ने किया सम्मान, बेटियों को खेल में आगे बढ़ाने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के भंगेल गांव की बेटी कशिश त्यागी का एशियन किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन हुआ है। उनकी उपलब्धि पर राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति, गौतमबुद्धनगर के पदाधिकारियों ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर त्यागी ने कहा कि कशिश ने मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। बेटियों को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए परिवार और समाज को हरसंभव सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कशिश के चयन को क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। इस मौके पर प्रदेश सचिव अंकुर त्यागी, जिलाध्यक्ष बृजेश त्यागी, जिला महासचिव वरनिल त्यागी, युवा प्रदेशाध्यक्ष पश्चिम विमल त्यागी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।