नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि सिख धर्म में क्षमा, करुणा और उदारता का भाव सर्वोपरि है। लिहाजा किसान आंदोलन के दौरान हुई टिप्पणी को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत की मांगी माफी को माता महिंदर कौर स्वीकार कर उन्हें माफ कर देना चाहिए।
दोनों सिख नेताओं ने कहा कि वर्ष 2021 में किसान आंदोलन के समय कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से माता महिंदर कौर का उल्लेख अनुचित शब्दों में किया था, जिससे देशभर में सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई थीं। इसके बाद माता महिंदर कौर ने अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उन्होंने बताया कि इस मुकदमे में अभिनेत्री को निचली अदालत से लेकर उच्चतम न्यायालय तक कोई राहत नहीं मिली और अंततः उन्हें बठिंडा की अदालत में पेश होकर माफी मांगी है। ब्यूरो