गाजियाबाद। चार दिन पहले कलेवा रेस्टोरेंट पर हुई छापेमारी के बाद राज्यकर संग्रह विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर आकलन का कार्य पूरा कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार रेस्टोरेंट का मालिक अतिरिक्त आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ ले रहा था। इस पर 60 लाख रुपये विभाग के निकल रहे हैं। इन्हें रेस्टोरेंट मालिक से वापस लिया जाएगा। वहीं, स्टॉक में पाई गई तमाम कमियाें पर अलग से जुर्माना लगाया जाएगा।
अपर आयुक्त ग्रेड संख्या द्वितीय एसआईबी मोनू त्रिपाठी ने बताया कि इंदिरापुरम स्थित कलेवा रेस्टोरेंट पर चार दिन पहले जोन द्वितीय की टीम रेड डालने के लिए पहुंची थी। देररात तक टीम ने मौके पर जाकर दस्तावेजों और स्टॉक की जांच की थी। तीन दिन से टीम एक अन्य जांच कर रही थी। जांच पूरी होने के बाद कलेवा रेस्टोरेंट की आईटीसी रिपोर्ट को तैयार कर लिया है। टीम ने पाया है कि रेस्टोरेंट मालिक की ओर से इनपुट टैक्स क्रेडिट का नियमों के विपरीत जाकर अतिरिक्त लाभ लिया जा रहा था। रेस्टोरेंट मालिक पर 60 लाख रुपये इस अनुसार विभाग के निकल रहे हैं। इन रुपयों को वापस लेने के लिए रेस्टोरेंट मालिक को नोटिस जारी किया जाएगा। टीम ने यह भी पाया है कि मौके पर स्टॉक पोर्टल के विपरीत पाया गया है। यानी स्टॉक में अंतर अधिक है। मौके पर पाए गए स्टॉक की मात्रा पोर्टल पर अंकित स्टॉक से कहीं अधिक है। ऐसी स्थिति रेस्टोरेंट मालिक पर अलग से जुर्माना लगाया जाएगा। बताया कि रेस्टोरेंट मालिक करीब चार वर्षों से ही कर की चोरी और फर्जी आईटीसी का लाभ ले रहा था। जुर्माने की रिपोर्ट बनाई जा रही है। इसके बाद रेस्टोरेंट मालिक को भेज दी जाएगी।