संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं लेखन प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की काजल ने पहला स्थान अर्जित किया। एमए अर्थशास्त्र द्वितीय वर्ष की स्वाति शर्मा ने दूसरा तथा एमए अर्थशास्त्र द्वितीय वर्ष की सलोनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
गायन प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की पूजा ने पहला स्थान प्राप्त किया। बीएससी फैशन डिजाइनिंग द्वितीय वर्ष की नैन्सी ने दूसरा स्थान तथा बीए द्वितीय वर्ष की मेघांशु ने तीसरा स्थान अर्जित किया। इसी तरह, नृत्य प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की भावना ने पहला स्थान प्राप्त किया। बीए प्रथम वर्ष की मीनाक्षी ने दूसरा तथा बीए द्वितीय वर्ष की सानिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इसी तरह पेंटिंग में बीए प्रथम वर्ष की प्रियांका ने पहला, बीए तृतीय वर्ष की सेजल ने दूसरा तथा बीए तृतीय वर्ष की कशिश गुप्ता ने तीसरा स्थान पाया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि हरियाणा राज्य का इतिहास अत्यंत गौरवशाली और समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है।
उन्होंने छात्राओं को अपने विजन और मिशन के प्रति दृढ़ रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन संगीत विभाग की प्रभारी डॉ. नीता द्विवेदी तथा पंजाबी विभाग की डॉ. गुरशरण कौर के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. दीपिका गई, लिपाक्षी, विकास वालिया और रजवंत कौर ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।