नूंह के गांव खेड़ा खलीलपुर निवासी आसिफ की हत्या के मामले में करीब तीन दर्जन लोगों पर मुकदमे की कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीण खफा हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने जो लोग गिरफ्तार किए हैं वो सभी निर्दोष हैं, क्योंकि यह मामला दो लोगों के आपसी झगड़े को लेकर था, लेकिन कुछ शरारती तत्व इसे दो समुदायों के साथ जोड़कर लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं, जो गलत है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मृतक आसिफ को हीरो बनाने की कोशिश की जा रही है वो एक अपराधी था, उस पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं, वह इलाके का डॉन बनना चाहता था।
आसिफ की हत्या के मामले में तीन दर्जन लोगों पर कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों ने सभा का आयोजन किया। बताया कि रोजका मेव थाना पुलिस ने आसिफ की हत्या में 14 नामजद व करीब 15-20 लोगों के खिलाफ अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वहीं पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।