मेरठ में आयोजित मंडलीय ट्रायल में हासिल किया पहला स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की महिला बॉक्सर जिया बैसोया का चयन प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए मेरठ मंडल की टीम में हुआ है। जिया ने मंडलीय ट्रायल में 70-75 किलो भारवर्ग में पहला स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। हालांकि, 14 नवंबर से झांसी में प्रस्तावित प्रतियोगिता फिलहाल स्थगित कर दी गई है। अब आयोजन की नई तारीख घोषित होने का इंतजार है।
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रवेश बैसोया ने बताया कि मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित मंडलीय ट्रायल में जिले की दो बॉक्सर शामिल हुईं। इनमें जिया ने पहला स्थान हासिल कर मेरठ मंडल की टीम में अपनी जगह पक्की की। जिया दादरी क्षेत्र स्थित सादोपुर गांव में संचालित जेएसबी बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेती हैं। वह कोच प्रमोद कुमार और सोनम की निगरानी में नियमित अभ्यास कर रही हैं। कोच ने उनके चयन पर खुशी जताते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
प्रतियोगिता के लिए तैयारी जारी
जिया ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की तारीख स्थगित होने से फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है। वह इस दौरान अपना अभ्यास जारी रखेंगी और प्रतियोगिता की नई तारीख घोषित होने के बाद पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। उनका लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर मेरठ मंडल के साथ जिले व परिवार का नाम रोशन करना है।