धानी बाजार। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौका के टोला चक्करवा में मंगलवार की रात में चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ली। चक्करवा निवासी राजू साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात गांव में बिजली न होने के कारण घर के सभी लोग छत पर सो रहे थे।
देर रात चोर छत का दरवाजा खोलकर घर में घुसे और कमरे के अंदर रखा बक्सा उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार बक्से में करीब एक लाख रुपये और सोने-चांदी के गहने रखे थे। सुबह जब परिवार के लोगों ने छत का दरवाजा खुला देखा और नीचे उतरे तो कमरे में सामान बिखरा था। वहीं कमरे में रखा बॉक्स गायब देखकर सबके होश उड़ गए।
परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके एकत्र हुए और चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धानी चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की। इस संबंध में चौकी प्रभारी धानी आलोक राय का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद