माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर क्षेत्र की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का नया अवसर खुल गया है। नवनिर्मित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हो गया है। यह महाविद्यालय चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से संबद्ध है। कॉलेज शुरू होने से अब क्षेत्र की छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
वर्तमान सत्र में कॉलेज में बीए पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, संस्कृत, अर्थशास्त्र और गृहविज्ञान विषयों की स्वीकृति मिली है। बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने पहुंचकर कॉलेज का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय वर्ष 2019 में भारत सरकार की प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत स्वीकृत हुआ था। इसका शिलान्यास तत्कालीन उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने किया था। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन का परिणाम बताया।
पहले दिन छह छात्राओं ने कराया पंजीकरण-
कॉलेज के शुभारंभ के पहले दिन छात्राओं के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। विधायक धीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में छह छात्राओं का पंजीकरण कराया गया, जिनका खर्च विधायक ने स्वयं उठाया। इनमें गोविंदगढ़ की डॉली, कानीगढ़ी की मोनिका, जेवर की सानिया, भगवंतपुर की प्रियंका, जेवर की मोनिका और डिंपल कुमारी शामिल हैं। कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. सुगात चंद्र और डॉ. अजय कुमार यादव को असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त किया गया है। वहीं, सविता कुमारी की भी तैनाती की गई है। कॉलेज खुलने से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर उच्च शिक्षा का स्थानीय विकल्प मिल सकेगा।