- भीषण गर्मी में प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य बाहरी कार्यक्रम 10 बजे से पहले कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों में अब मौसम की स्थिति के आधार पर आउटडोर गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। तापमान सामान्य रहने और मौसम अनुकूल होने पर विद्यालय सुबह 10 बजे के बाद भी खेलकूद और अन्य बाहरी कार्यक्रम करा सकेंगे। वहीं, भीषण गर्मी और तेज धूप की स्थिति में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए सभी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले पूरी करनी होंगी। गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य आउटडोर गतिविधियां सुबह के समय कराने के निर्देश दिए थे। अब मौसम में बदलाव और तापमान में कमी को देखते हुए स्कूलों को कुछ राहत दी गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि सामान्य मौसम होने पर स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय लेकर बाहरी गतिविधियां आयोजित कर सकते हैं। हालांकि, तेज धूप और अधिक गर्मी की स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आउटडोर गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले ही करानी होंगी। उन्होंने बताया कि स्कूलों को मौसम पर लगातार नजर रखने और बच्चों की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी से बचाव के लिए विद्यालयों में पेयजल, छाया और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।