कौडियाला-ब्यासघाट मोटर मार्ग पर मंगलवार की रात एक जेसीबी खाई में गिर गई। दुर्घटना में जेसीबी ऑपरेटर समेत दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है। ऑपरेटर को ढूंढने में ग्रामीणों ने एसडीआरएफ के साथ रातभर अभियान चलाया।
कौडियाला-ब्यासघाट मोटर मार्ग पर मलबा साफ करने के बाद मंगलवार की रात करीब सात बजे जेसीबी ऑपरेटर, हेल्पर और एक अन्य व्यक्ति जेसीबी में बैठकर विजयपुर (बलोगी) की ओर से जा रहे थे। इस दौरान महादेवचट्टी रुद्रा गदन के पास जेसीबी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
जेसीबी में बैठे नेपाल मूल के हेल्पर अरविंद ने छलांग दी। वह सड़क के पास ही अटक गया। जबकि जेसीबी ऑपरेटर सुमन निवासी धारकोट उत्तरकाशी और विजयपुर (बलोगी) निवासी महेंद्र मैठाणी पुत्र कुमनानंद मैठाणी घायल हो गए।
हेल्पर की सूचना पर दाबड़, चांदपुर, महादेवचट्टी और विजयपुर के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महेंद्र मैठाणी को मंगलवार रात में एम्स ऋषिकेश भर्ती कराया। लोनिवि के अधिकारियों ने एसडीआरएफ सतपुली को दुर्घटना की सूचना दी। रात 1:30 बजे एसडीआरएफ सतपुली की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
रात में अंधेरा होने के कारण जेसीबी ऑपरेटर का पता नहीं चल पा रहा था। उसके बाद ग्रामीणों ने एसडीआरएफ के साथ मिलकर रातभर सर्च अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब पांच बजे घटना स्थल से 300 मीटर नीचे झाड़ियों में जेसीबी ऑपरेटर घायल अवस्था में मिला।
एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने घायल ऑपरेटर को रुद्रा गदन के पास से महादेवचट्टी होते हुए बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर महादेवचट्टी धार तक पहुंचाया। 108 की मदद से घायल जेसीबी ऑपरेटर को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। घायलों को खाई से निकालने में दाबड़ गांव के संदीप राणा, हरि सिंह राणा, सुरेश, मनोज लाल, कैलाश रावत, अभिषेक, राहुल ने एसडीआरएफ की मदद की।
-
कोट
- कौडियाला-ब्यासघाट मोटर मार्ग पर मलबा साफ करने के दौरान एक जेसीबी खाई में गिर गई थी, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है। - मकान लाल, अपर सहायक अभियंता लोनिवि श्रीनगर गढ़वाल