भिवानी रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने माल रोड निर्माण का काम हुआ शुरू।
भिवानी। सवा पांच करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुए माल रोड के निर्माण कार्य के कारण दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे स्टेशन के पास वीरवार को विधायक घनश्याम सर्राफ ने इस काम का शुभारंभ किया जिसके बाद जेसीबी से फुटपाथ की खोदाई शुरू कर दी गई। इस वजह से दुकानों और प्रतिष्ठानों की सीवर व पानी की लाइनें टूट गईं।
इससे कई दुकानों के सामने दूषित पानी फैल गया। दुकानदारों ने बताया कि दिवाली जैसे त्योहार के पहले उनका कामधंधा चौपट हो गया है क्योंकि फुटपाथ खोदने के कारण दुकानों तक आने-जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। नगर परिषद ने माल रोड का निर्माण कार्य शुरू कराया है। निर्माण एजेंसी ने रेलवे जंक्शन के नजदीक दुकानों के सामने फुटपाथ को जेसीबी से उखाड़ा है जिससे दुकानों के सीवर और पानी के कनेक्शन भी टूट गए हैं।
रेलवे रोड पर कई गेस्ट हाउस और होटल भी हैं जिनके सीवर और पानी के कनेक्शन टूटने से समस्याएं और बढ़ गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि काम शुरू होने के साथ ही उनकी परेशानियां भी बढ़ गई हैं और निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा इसका कोई पता नहीं है।
बरसाती पानी की निकासी के लिए अलग से डाली जा रही पाइप लाइन
माल रोड के निर्माण के साथ ही रेलवे स्टेशन मार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए अलग से पाइप लाइन डाली जा रही है। इससे पहले इस क्षेत्र में कोई बरसाती लाइन नहीं थी जिसके कारण बारिश के पानी की निकासी में कई स्थानों पर दिक्कतें आती थीं।
माल रोड के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य में आड़े आने वाले अवैध चबूतरों को भी हटवाया जाएगा ताकि नए सिरे से फुटपाथ तैयार किया जा सके। बरसाती पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। कुछ कनेक्शन क्षतिग्रस्त हुए हैं तो उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। - भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी