उधमपुर। उधमपुर-पंचैरी रोड पर बुधवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से मौत हो गई। युवक की पहचान जीवन कुमार (20) पुत्र प्रकाश शर्मा निवासी सिरा, तहसील लाटी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक जीवन कुमार जेसीबी ऑपरेटर का काम करता था और वर्तमान समय में पंचैरी में कार्यरत था। मौजूदा समय में उधमपुर के एमएच चौक के पास एक किराए के कमरे में रहता था। बुधवार देर शाम वह अपना काम खत्म करने के बाद बाइक लेकर पंचैरी से वापस उधमपुर की तरफ लौट रहा था। जहां उधमपुर से लगभग 14 किलोमीटर पहले ऐटी गेट के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसे स्थानीय सहायता से तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत लाया घोषित कर दिया गया।
वीरवार को पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।