ग्रेटर नोएडा(संवाद)। शहर के आवासीय सेक्टर और नॉलेज पार्क में चलाने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम से आगामी माह में दो डबल डेकर बस मिलने की उम्मीद है। दो माह पहले निगम ने चार बसें जिले को देने की मंजूरी दी थी। इनमें से दो बसें ग्रेटर नोएडा को मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क, औद्योगिक सेक्टर समेत आवासीय इलाकों में चलाने के लिए ग्रेटर नोएडा डिपो ने दो डबल डेकर बस की मांग की थी। इसको निगम ने मंजूरी दी थी। पिछले दो माह से अधिकारी जल्द बस मिलने के दावे कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में दस साल पहले डबल डेकर बसें चलाई गई थी। उनमें अधिक सवारियां बैठती थी। लेकिन बसों की मियाद पूरी होने के बाद अन्य बसें नहीं आई। कई बार विभाग के अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा को डबल डेकर बस देने की मांग की गई थी। एआरएम ग्रेनो डिपो अनिल शर्मा ने बताया कि आगामी माह में ग्रेटर नोएडा डिपो को डबल डेकर बस मिलने की उम्मीद है। इन बसों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट, आवासीय सेक्टर और नॉलेज पार्क में चलाया जाएगा।