सेंट जाॅर्ज काॅलेज मसूरी में राज्य स्थापना और बाल दिवस धूमधाम से मनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मसूरी। सेंट जाॅर्ज काॅलेज मसूरी में उत्तराखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने, भारत में पैट्रिशियन ब्रदर्स की उपस्थिति व सेवा के 150 वर्ष पूरे होने और बाल-दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूल ने कार्यक्रम को देवधरा नाम दिया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(सेनि) रहे।
सेंट जार्ज कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित करने के बाद प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने विद्यार्थियों को कृतज्ञता के सद्गुण को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि समाज में आभार की भावना को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विनम्रता की शक्ति पर जोर देते हुए छात्र परिषद-55 ड्रैगन किलर्स के नेतृत्व और समर्पण की सराहना की। 21वीं सदी की आवश्यकताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी दक्षता विकसित करने और सेंट जॉर्ज कॉलेज की ओर से दिए गए मूल्यों को सदैव बनाए रखने का आग्रह किया।
इस मौके पर भारत में पैट्रिशियन ब्रदर्स की उपस्थिति और सेवा के 150 वर्ष पूरे होने के परिप्रेक्ष में पैट्रिशियन शिक्षा संस्थानों का वीडियो प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर छात्रों ने मनमोहक गढ़वाली नृत्य भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि राज्यपाल ने प्रत्येक कक्षा के स्टूडेंट ऑफ द मंथ के सर्टिफिकेट प्रदान किए। साथ ही विद्यालय के दो शिक्षक पीडी जायसवाल, मधु काला को विद्यालय में 25 वर्ष के सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने कहा मंच पर जाने के हर मौके का लाभ उठाएं व हर गतिविधि में भाग लें। साथ ही उन्होंने छात्रों को खुली आंखों से सपने देखने के लिए प्रेरित किया है। प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्यपाल के प्रेरक संदेश, सरलता और गरिमामय उपस्थिति के लिए गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। इस मौके पर सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर ब्रिटो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर फिलिक्स कुमार ने मुख्य अतिथि को स्कूल का प्रतीक चिह्न व पोट्रेट भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, एसडीएम राहुल आनंद, सीनियर काॅर्डिनेटर मार्क गौनसाल्विस, कल्चरल काॅर्डिनेटर दीपाली बल्लभ, भवनेश नेगी, प्रवीन गुसाईं आदि मौजूद रहे।