नोएडा की पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी में एक आईटी इंजीनियर ने 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। दोस्त ने तनाव में होने की बात कही है। वहीं पुलिस पत्नी से पूछताछ करेगी।
सेक्टर-75 स्थित पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी की 15वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से मंगलवार दोपहर आईटी इंजीनियर ने कूदकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, टावर संख्या आठ के फ्लैट नंबर 1508 में गुलशन कुमार (36) पत्नी और बच्चे के साथ रहते थे। दोपहर तीन बजे के आसपास गुलशन 15वीं मंजिल की बालकनी से कूद गए।
सोसाइटी के निवासी व सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे, तब तक गुलशन की मौत हो चुकी थी। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि गुलशन सेक्टर-126 स्थित एक कंपनी में काम करते थे। जिस समय हादसा हुआ गुलशन की पत्नी जालंधर गई हुई थी।
विज्ञापन
पत्नी को भी घटना की जानकारी दी गई है। गुलशन के दोस्त ने बताया कि वह कुछ समय से किसी बात को लेकर तनाव में थे। इसे लेकर पत्नी को मैसेज और ईमेल भी किया था। पुलिस का कहना है कि पत्नी से इस मामले में पूछताछ की जाएगी। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।