नवजात चोरी मामले में मानव तस्करी गिरोह की तरफ घूमी पुलिस की जांच
- दिल्ली-नोएडा बॉर्डर के पास मिली आखिरी लोकेशन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-24 के ईएसआई अस्पताल के नवजात चोरी मामले में आरोपी महिला की अंतिम लोकेशन नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सेक्टर-94 के पास मिली है। इसके बाद पुलिस की जांच अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह की तरफ घूम गई है। नोएडा पुलिस दिल्ली और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साध कर नवजात की तलाश में जुटी है।
मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। अब तक करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है। हालांकि मामले से जुड़ा इकलौत फुटेज सेक्टर-94 में मिला है। जिसके आधार पर पुलिस नवजात को चोरी करने वाली महिला व उसके साथ किशोरी के ऑटो में बैठ कर जाने का दावा कर रही है। शहर की सीसीटीवी से पुख्ता सुरक्षा के दावे करने वाली आईटीएमएस की टीम से भी पुलिस को कुछ खास मदद नहीं मिल सकी है। सीसीटीवी में ऑटो का नंबर नहीं आ सका है। इस कारण पुलिस अब तक नवजात व आरोपी महिला व उसके संग किशोरी की पहचान नहीं कर सकी है।
वहीं पुलिस छानबीन में पता चला कि आरोपी महिला करीब पंद्रह दिनों से अस्पताल में मौजूद थी। महिला खुद को भर्ती मरीजों की रिश्तेदार बताती थी। छानबीन में पता चला है कि आरोपी महिला नवजात की मां के साथ आईसीयू तक में पहुंच गई थी। जहां केवल रिश्तेदारों को कुछ समय के लिए ही प्रवेश दिया जाता है। इससे ईएसआईसी अस्पताल की अंदरूनी सुरक्षा की भी पोल खुली है। पुलिस यह भी मान रही है कि साजिश के तहत अस्पताल से नवजात चोरी कर महिला का फरार हुई है। इस मामले की मानव तस्करी के एंगल से भी जांच शुरु होने की बात कही जा रही है।
आशंका जाहिर की जा रही है कि बच्चा चोरी करने वाला कोई गिरोह शहर में सक्रिय हुआ है। जांच में सामने आया है कि पहले तल से महिला बच्चे को चोरी करने के बाद बाहर आई और एक ऑटो पर सवार होकर कहीं चली गई। महिला ने पहले से ही ऑटो बुक कराकर रखा था। नवजात की मां इशरत और पिता तनवीर के रिश्तेदारों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि इस बात की पुष्टि हो सके कि नवजात उन लोगों के पास नहीं है।
अधिकांश सीसीटीवी मिले खराब
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्से में लगाए गए दर्जनों सीसीटीवी कैमरे या तो खराब हैं या उनकी गुणवत्ता और दृश्यता क्षमता से कम है। पुलिस ने अस्पताल परिधि के 12 किमी के दायरे में करीब 300 सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं पर कोई अहम सुराग अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि टीमें लगातार काम कर रही है। जल्द ही नवजात को सकुशल ढूंढ निकाला जाएगा।
करंट लगने से युवक की मौत
नोएडा। डीएलएफ मॉल के गेट नंबर छह पर लगे ट्रांसफार्मर का करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर हुए हादसे में जान गंवाने वाले युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक ने केवल अंडरवियर पहना था। प्रथम दृष्टया जांच से युवक मानसिक तौर पर कमजोर बताया जा रहा है। ब्यूरो