आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सात गिरफ्तार
- मुंबई और लखनऊ के बीच खेले जा रहे एलिमिनेटर मुकाबले पर लगा रहे थे सट्टा
- गिरफ्तार सरगना हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व महानगर अध्यक्ष, कई शहरों में है फैला गिरोह का जाल
या
हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व महानगर अध्यक्ष चला रहा था ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह
- आईपीएल के एलिमिनेटर मुकाबले पर सट्टा लगाते सात गिरफ्तार, कई शहरों में फैला है गिरोह का जाल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव से गिरोह के सरगना गिझौड़ निवासी सचिन चौहान, आदित्य, नीतीश जैन, पांडेय कुमार, इंदु कुमार, सेक्टर-61 निवासी जय देव पांडे और छलेरा निवासी अभिनव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सरगना सचिन हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व महानगर अध्यक्ष बताया जा रहा है। आरोपियों के पास से 4 लाख रुपये नकद, 4 लैपटॉप,15 मोबाइल, एलइडी, डायरी समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस की टीम ने बुधवार रात को आईपीएल मैच में सट्टेबाजी की सूचना पर गिझौड़ गांव के घर में दबिश दी। उस वक्त मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जा रहा था। मौके से ऑनलाइन सट्टेबाजी करते सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व महानगर अध्यक्ष सचिन चौहान के मकान में सट्टेबाजी चल रही थी। नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के मुताबिक गिरोह के आरोपी आईपीएल के मैच में सट्टेबाजी कर रहे थे। गिरोह का जाल कई शहरों में फैला है।
एप से सट्टेबाजी कर रहे थे आरोपी
एडीसीपी के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे थे। आरोपी क्रिकेट लाइव लाइन वेबसाइट और सट्टेबाजी के लिए एप का इस्तेमाल करते थे। वेबसाइट और एप पर हर गेंद पर सट्टा लगाया जाता था। मौके से बरामद 15 मोबाइल फोन से पुलिस को अहम जानकारी मिली है।
बरामद डायरी और बैंक खाते से खुलेगा राज
आरोपियों के पास से बरामद डायरी में सट्टा खेलने वाले के शॉर्ट नाम, टीम का नाम और रकम समेत अन्य जानकारियां मिली हैं। डायरी में कुछ मोबाइल नंबर भी मिले हैं। जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस इन आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। खातों की जांच से यह पता चलेगा कि आरोपियों ने आईपीएल में सट्टेबाजी से कितनी कमाई की है। इसके साथ ही आरोपियों के देसी और विदेशी कनेक्शन की भी जानकारी मिलेगी।
व्हाट्स एप ग्रुप पर सट्टा के लिए किया जाता था आमंत्रित
पुलिस जांच में पता चला है कि गिझौड़ में घर में भी मौके पर जाकर सट्टेबाजी की जाती थी। घर पहुंचे लोगों को एप के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता था। घर के मालिक सचिन चौहान को इसके लिए मोटा कमीशन भी मिलता था। वहीं सट्टेबाजों का व्हाट्स एप ग्रुप की भी जानकारी मिली है। जिस पर सुबह से ही लोगों को ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए आमंत्रित किया जाता था।
कोट
आईपीएल में ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी मैच में लाइव सट्टेबाजी कर रहे थे। - शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी नोएडा।