-अमर उजाला में प्रकाशित खबर का मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान, प्राधिकरण के ग्रुप हाउसिंग विभाग को सौंपी गई जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रींस सोसाइटी की बालकनी से प्लास्टर गिरने की अमर उजाला में नौ अगस्त को प्रकाशित खबर का मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। इसके बाद मामले को एकीकृत शिकायत निवारण व्यवस्था (आईजीआरएस) के माध्यम से समाधान के लिए जिलाधिकारी को भेजा गया। वहां से प्रकरण नोएडा प्राधिकरण पहुंचा है। प्राधिकरण ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 ने प्रकरण को समाधान के लिए ग्रुप हाउसिंग विभाग को भेजा है। अब विभाग की ओर से सोसाइटी के निवासियों की शिकायतों और समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही बालकनी से प्लास्टर गिरने की घटना के बाद मरम्मत की जिम्मेदारी बिल्डर या एओए में तय की जाएगी। नियोजन विभाग से सोसाइटी के टावरों की मजबूती की स्थिति की भी जानकारी ली जाएगी। सोसाइटी के छह टावरों में फ्लैट हैं और इनमें निवासी रह रहे हैं। ऐसे में प्लास्टर गिरने की घटना के बाद टावरों की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर निवासियों की चिंता बढ़ी है। प्राधिकरण की ओर से मामले में संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि समस्या को संज्ञान में लिया गया है। प्राधिकरण की ओर से समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।