गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि विदेशी छात्रों की संख्या कई सालों से बढ़ रही है। उनके लिए यहां एक दर्जन से अधिक कोर्स चलाए जा रहे हैं। स्नातक और पीएचडी करने के लिए छात्र आते हैं। विदेशी छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए सत्र से कई कोर्स शुरू होने वाले हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में नई बिल्डिंग का कार्य होना है। वहीं, शारदा विश्वविद्यालय में एक हजार से अधिक छात्र इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, आर्किटेक्ट, मेडिकल सहित कई कोर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। एमिटी, गलगोटिया, एनआईयू में छात्र पढ़ रहे हैं।
यीडा सिटी में कैंपस खोलेंगे विदेशी संस्थान
यमुना प्राधिकरण की ओर से विकसित हो रही यीडा सिटी में हायर एजुकेशन इंस्टिट्यूट स्थापित होंगे। देश-विदेश के कई बड़े संस्थान यहां अपना कैंपस स्थापित करने वाले हैं। अमेरिकी कंपनी ने विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थान के लिए 100 एकड़ जमीन की मांग की है। इंजीनियरिंग के लिए मशहूर संस्थान बिट्स पिलानी ग्रुप ने भी 40 एकड़ जमीन का प्रस्ताव रखा है। रामा यूनिवर्सिटी ने भी अथॉरिटी से जमीन मांगी है।
मैं उन दोस्तों की सलाह पर पढ़ाई करने आई, जो यहां से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। यहां का माहौल काफी अच्छा है। हर सुविधाएं मिल रही हैं। -फाम थी माय डुएन, बीए ऑनर्स, वियतनाम
यहां शैक्षणिक माहौल के अलावा हमें भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। यहां पढ़ाई करने में काफी अच्छा लग रहा है। - नगुयेन वान क्वोक, एमए द्वितीय वर्ष, वियतनाम
जीबीयू शोध के लिए आवश्यक संसाधन और सहायता प्रदान करता है। प्रोफेसर हमें शोध सामग्री उपलब्ध कराने में काफी मदद करते हैं। - अर्णन्दर, पीएचडी बुद्ध स्टडीज, म्यांमार