-स्कूलों ने अभिभावकों को भेजने शुरू किए ईमेल, कुछ में अब भी चल रहे रजिस्ट्रेशन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के अधिकतर स्कूलों में नर्सरी एडमिशन की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंचने वाली है। सितंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन के बाद दिवाली के बाद बच्चों और अभिभावकों के साथ इंटरएक्शन सेशन आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, कुछ स्कूलों ने अभी से अभिभावकों को ईमेल भेजकर बुलाना शुरू कर दिया है, जबकि कई स्कूलों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है।
इंटरएक्शन के दौरान स्कूलों की ओर से बच्चों की आदतों, पसंद-नापसंद और रोजमर्रा की गतिविधियों के बारे में सवाल पूछे जा सकते हैं। वहीं, अभिभावकों से बच्चे की दिनचर्या, परवरिश और उसके साथ बिताए जाने वाले समय को लेकर बातचीत की जा सकती है। कुछ स्कूल दो चरणों में इंटरएक्शन आयोजित करते हैं। पहले चरण में शिक्षिकाएं बच्चों से बातचीत कर उनके व्यवहार, सक्रियता और सहजता को समझती हैं। दूसरे चरण में अभिभावकों से बच्चे की देखभाल और विकास में उनकी भागीदारी के बारे में जानकारी ली जाती है।
बच्चे की दिनचर्या और रुचियों पर रहेगा जोर :
इंटरएक्शन के दौरान बच्चे के स्क्रीन टाइम, सोने-जागने के समय, पसंदीदा गतिविधियों और पढ़ाई में रुचि से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं। स्कूलों का उद्देश्य बच्चे के शुरुआती विकास और उसकी जरूरतों को समझना है, ताकि उसे बेहतर शैक्षणिक वातावरण दिया जा सके।
प्रोमिनेंस वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. मृणालिनी ने बताया कि कुछ स्कूलों में रजिस्ट्रेशन पूरे हो चुके हैं, जबकि अन्य में आवेदन लिए जा रहे हैं। अधिकतर स्कूल दिवाली के बाद इंटरएक्शन सेशन आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। कुछ स्कूलों ने शनिवार से ही अभिभावकों को बुलाना शुरू कर दिया है। उन्होंने अभिभावकों को ईमेल और स्कूल के निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी।
वहीं, इंडस वैली पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल शिखा शर्मा ने बताया कि उनके स्कूल में इंटरएक्शन के दौरान केवल बच्चों से बातचीत की जाती है। इसका उद्देश्य उनके व्यवहार और जरूरतों को समझना है, ताकि किसी विशेष देखभाल या सहयोग की आवश्यकता होने पर उसके अनुसार सहायता दी जा सके।