-आए दिन आपूर्ति प्रभावित होने से बढ़ी परेशानी, प्राधिकरण से स्थायी समाधान की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा-1 में पानी की कम प्रेशर से आपूर्ति होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों तक जरूरत के मुताबिक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। सेक्टरवासियों का कहना है कि समस्या आए दिन सामने आती है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों के अनुसार आपूर्ति शुरू होने के बावजूद कम प्रेशर के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इससे घरेलू जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने में दिक्कत होती है। लगातार शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। सेक्टर डेल्टा-1 के अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम और वरिष्ठ प्रबंधक को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि पानी की कम प्रेशर की शिकायत लगातार सामने आ रही है, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने प्राधिकरण से जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने और कम प्रेशर के कारणों का पता लगाने की मांग की है। साथ ही नियमित और पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि लोगों को रोजाना परेशानी न उठानी पड़े।