संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में फायरमैन देविंदर सिंह ने अग्निशमन एवं सुरक्षा उपायों पर व्याख्यान दिया। जिसमें उन्होंने आग से बचाव, अग्निशामक यंत्रों के प्रकारों तथा आपातकालीन स्थिति में प्रभावी प्रति क्रिया के बारे में जानकारी दी।
कैडेटों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा लोगों को सुरक्षित रूप से बचाने की तकनीकों का लाइव प्रदर्शन भी कराया गया। दस दिवसीय शिविर अंबाला ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रोहित सहगल के निर्देशन में आयोजित किया गया। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जरनैल सिंह, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल जितेंद्र सिंह दहिया की देखरेख में 10 कालेजों और नौ स्कूलों के 450 कैडेट्स ने शिविर में भाग लिया।
एसोसिएट एनसीसी अधिकारी कैप्टन गीता खन्ना, लेफ्टिनेंट जोशप्रीत सिंह तथा थर्ड ऑफिसर गोपाल के साथ-साथ केयरटेकर अधिकारी सरिका मित्तल और तरनदीप भी शिविर की सफलता में योगदान दिया। प्रशिक्षण दल में सूबेदार मेजर जसवंत सिंह व बीएचएम शुक्ल सिंह ने कैडेट्स को अनुशासित एवं कठोर प्रशिक्षण प्रदान किया। देवेंद्र सिंह ने कैडेट्स को आग लगने की विभिन्न स्थितियों, आग के प्रकारों और उससे निपटने के आधुनिक तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रसोई, प्रयोगशाला या किसी भी भवन में अग्निकांड की संभावना को रोकने के लिए नियमित रूप से फायर अलार्म, अग्निशमन यंत्र और आपात निकास मार्ग की जांच जरूरी है। उन्होंने कैडेट्स को फायर सिलिंडरों के उपयोग की वास्तविक डेमो भी दी।
उन्होंने समझाया कि किस प्रकार विभिन्न प्रकार की आग जैसे विद्युत आग, रासायनिक आग या तेल से लगी आग के लिए अलग-अलग अग्निशमन उपकरणों का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कहा कि यह संवादात्मक अग्नि सुरक्षा सत्र कैडेटों के ज्ञान, आपातकालीन तैयारी तथा आत्मविश्वास को सुदृढ़ करता है, जिससे वे अनुशासन, सहयोग और एकता की भावना के साथ हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हो सकते है।