ग्रेटर नोएडा। उद्यमियों के बढ़ते रुझान और मांग को देखते हुए प्राधिकरण ने ग्रेनो में उद्योग लगाने का एक और मौका दिया है। भूखंडों की ओपन एंडेड योजना लांच की गई है। रविवार से ही ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। 31 अक्तूबर तक आने वाले आवेदनों पर नवंबर के पहले सप्ताह में साक्षात्कार या ड्रॉ से आवंटन होगा। इससे करीब 800 करोड़ रुपये का निवेश और 3000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इस योजना के सभी भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को 400 करोड़ रुपये की कमाई होगी।
प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर 23 औद्योगिक भूखंडों की योजना लांच की गई है। ये भूखंड ईकोटेक-1 एक्सटेंशन वन, ईकोटेक-8, ईकोटेक-6, सेक्टर-16, ईकोटेक-10, 11 व 6 में स्थित हैं। प्राधिकरण 31 अक्तूबर तक आने वाले आवेदनों पर 5 नवंबर या उसके बाद पहले कार्य दिवस पर निर्णय लेगा। 4000 वर्ग मीटर से कम आकार के भूखंडों का आवंटन ड्रॉ से और बड़े आकार के भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार से होगा। इन भूखंडों पर ग्रीन श्रेणी के सभी तरह के उद्योग लगाए जा सकते हैं। योजना से जुड़ी जानकारी www.greaternoidaauthority.in और www.niveshmitra.up.nic.in पर भी उपलब्ध है।
सेक्टर प्लॉट संख्या
ईकोटेक वन एक्सटेंशन वन 8
ईकोटेक -10 2
ईकोटेक-8 6
ईकोटेक - 6 2
सेक्टर - 16 2
ईकोटेक-11 2
उद्योग विहार एक्सटेंशन 1
सभी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि निवेश मित्रा पोर्टल के जरिये उद्यमी ऑनलाइन ही आवेदन कर सकते हैं। उन्हें दफ्तर आने की जरूरत नहीं है। आवेदन से लेकर आवंटन तक की प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी होगी। आवंटन राशि व सभी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही प्लॉट पर कब्जा मिल जाएगा। औद्योगिक निवेशकों की तरफ से जमीन की मांग को देखते हुए आठ नए औद्योगिक सेक्टरों को बसाने के लिए जमीन अधिगृहीत की जा रही है।