Love Story: सीमा सुना रही उत्पीड़न की कहानी, बोली-हिंदुस्तान में मरना मंजूर, पाकिस्तान जाना नामंजूर, आंखों...
Mon, 10 Jul 2023 03:36 PM IST
शाहरुख खान
जेपी शर्मा/ दीपक सिंघल, ग्रेटर नोएडा /रबूपुरा
सार
सीमा हैदर ने एक बार फिर दोहराया कि वह सचिन से नेपाल में शादी कर हिंदू धर्म मन से अपना चुकी है। उसने कहा कि वह हिंदुस्तान में रहकर मरना मंजूर करेगी लेकिन पाकिस्तान नहीं जाएगी। अगर वह वहां गई तो लोग उसे पत्थरों से मार देंगे।
पबजी पार्टनर सचिन मीणा के प्यार में चार बच्चों को लेकर पाकिस्तान से ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा पहुंची सीमा हैदर अब सचिन मीणा के घर रह रही है। प्यार में सरहद पार करने वाली पाकिस्तानी महिला का बदला रुप देखकर हर कोई हैरान है।
विज्ञापन
सीमा ने रविवार को बताया कि मार्च में जब वह पहली बार पाकिस्तान से नेपाल सचिन से मिलने पहुंची थी तो उसे लगा था कि उसका सपना हकीकत हो गया है। नेपाल में सचिन ने सीमा की मांग सिंदूर से भरी थी और एक दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया था।
सचिन मीणा के घर दूसरे दिन भी मीडियाकर्मी और सीमा हैदर से मिलने वालों का जमावड़ा लगा रहा। सीमा और सचिन की प्रेम कहानी में विदेश में बैठे लोग भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके चलते मीडियाकर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में यू-ट्यूबर भी रबूपुरा पहुंचकर सीमा और सचिन से मुलाकात कर रहे हैं।
विज्ञापन
इधर, सचिन के परिजन सीमा का धर्म परिवर्तन कराने की औपचारिकताओं के संबंध में जानकारों से सलाह ले रहे हैं। वहीं, सीमा का पति गुलाम हैदर जखरानी सऊदी अरब से कॉल करके पत्नी और बच्चों को वापस दिलाने की गुहार लगा रहा है।
पति लगा रहा गुहार, सीमा सुना रही उत्पीड़न की कहानी
उधर, सीमा हैदर पति गुलाम हैदर के नाम का जिक्र आते ही उसके उत्पीड़न की कहानी सुनाने लगती है। सीमा ने कहा कि उसका पति मारता-पीटता था। एक बार ईद पर उसने आंखों में मिर्च झोंक दी थी। वह घर छोड़कर अपने पिता के घर चली गई। लेकिन बाद में पिता ने फिर से गुलाम के घर भेज दिया।
हिंदुस्तान में मरना मंजूर, पाकिस्तान जाना नामंजूर
सीमा हैदर ने एक बार फिर दोहराया कि वह सचिन से नेपाल में शादी कर हिंदू धर्म मन से अपना चुकी है। लेकिन धर्म परिवर्तन की सभी औपचारिकताएं पूरी करेगी। उसने पूजा पाठ शुरू कर दिया है।
अभी वह केवल घर के मंदिर में ही पूजा कर रही है। इजाजत मिलेगी तो वह घर से बाहर भी मंदिर में पूजा करने जाएगी। उसने कहा कि वह हिंदुस्तान में रहकर मरना मंजूर करेगी लेकिन पाकिस्तान नहीं जाएगी। अगर वह वहां गई तो लोग उसे पत्थरों से मार देंगे।
नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी सीमा
आपको बता दें कि पाकिस्तान के कराची निवासी सीमा हैदर और रबूपुरा के सचिन मीणा के बीच पबजी गेम खेलने के दौरान जान-पहचान हुई थी। वीडियो कॉलिंग के जरिये नजदीकियां बढ़ने के बाद सीमा 13 मई नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी।
चार बच्चों संग रबूपुरा पहुंची सीमा आंबेडकर नगर में किराये पर मकान लेकर सचिन के साथ रहने लगी। मामले की भनक पुलिस को लगते ही सीमा चार बच्चों और सचिन के साथ फरार हो गई। पुलिस टीम ने सभी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से पकड़ा था।
सचिन, उसके पिता नेत्रपाल और सीमा को गिरफ्तार कर बीते मंगलवार को न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेजा गया था। न्यायालय ने बच्चों की आयु कम होने के कारण उनकी मां सीमा के साथ जेल भेजा था। सीमा हैदर और सचिन की जमानत याचिका पर सुनवाई कर वकील उनके प्यार, चार बच्चों और सीमा की सुरक्षा का हवाला दिया। इसके बाद न्यायालय ने दोनों को जमानत दे दी।
धोखाधड़ी की धारा लगाने की तैयारी में थी पुलिस
सीमा और सचिन के पास से पुलिस ने तीन आधार कार्ड बरामद किए थे। बताया गया है कि ये आधार कार्ड फर्जी थे। इन आधार कार्ड में एडिट कर सीमा को सचिन की पत्नी बताया गया था। पुलिस इस मामले में धोखाधड़ी की धारा भी लगाने की तैयारी में थी। मामले में दांडिक प्रावधान नहीं होने के कारण द पासपोर्ट एक्ट की धारा-3,4,5 को भी केस से हटा दी गई हैं।
सीमा हैदर को वर्तमान पता नहीं बदलने का आदेश
सचिन और सीमा के वकील हेमंत कृष्ण पाराशर ने बताया कि न्यायालय ने सीमा हैदर को वर्तमान पता नहीं बदलने का आदेश दिया है। सीमा का वर्तमान पता जमानत याचिका में सचिन का रबूपुरा स्थित घर लिखा गया है। इसलिए सीमा हैदर को केस चलने या न्यायालय के अगले आदेश तक सचिन के घर पर ही रहेगी।
वहीं, सचिन व सीमा हैदर के वकील हेमंत कृष्ण पाराशर ने कहा कि सचिन और सीमा एक दूसरे से प्यार करते हैं। मार्च में काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में दोनों ने शादी कर ली थी। इसके बाद सीमा ने नेपाल बॉर्डर से रबुपूरा चली आई। वह पाकिस्तान नहीं जाना चाहती। ऐसे में सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। कोर्ट ने पहले सचिन के पिता और फिर सचिन व सीमा हैदर को जमानत दी।