नोएडा। कोरोना काल में अंतरराष्ट्रीय व्यापार बढ़ाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसी कड़ी में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के नेतृत्व में 16 उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल युगांडा पहुंच गया है।
युगांडा सरकार ने प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान आईआईए अध्यक्ष व युगांडा नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव ओवोमुगिशा ब्लेसिंग के बीच उद्यमियों को हैंड होल्डिंग प्रदान करने के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए। आईआईए नोएडा चैप्टर के चेयरमैन राहुल जैन व सचिव नवीन गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे इस प्रयास को सराहनीय बताया। दौरे का नेतृत्व कर रहीं उद्यमी रेखा शर्मा ने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार के अवसर व आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। इस वार्ता के बाद भारत-युगांडा के मध्य द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। युगांडा में उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए यहां उद्योग लगाने की संभावनाओं पर कार्य करना इस प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य होगा। साथ ही, अफ्रीकी देशों में भारतीय उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए एक अनुकूल बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।