नोएडा। महीनों बाद खुले स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति लगातार बढ़ती जा रही है। ऑफलाइन कक्षाएं बच्चों को पसंद आ रही हैं। कोरोना संक्रमण के कारण सभी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित हो रही थीं।
विद्यालय खुलने से विद्यार्थियों में ऑनलाइन काम की आदत भी दूर हो रही है। पहले जहां विद्यालयों में उपस्थित 50 से 60 प्रतिशत होती थी, वहीं अब उसमें बढ़ोत्तरी हुई है। शिक्षकों के मुताबिक विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ना उनके उत्साह को दर्शाता है। वहीं स्कूल प्रबंधन भी सामाजिक दूरी के पालन के साथ ही नियमित रुप से हैंडवाश कराने आदि व्यवस्था पर जोर दे रहे हैं। शिक्षिका प्रवीण ने बताया कि हर स्कूल अपने स्तर पर विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से कोरोना से लड़ने के लिए तैयार बना रहा है। स्कूलों का फिर से खुलना विद्यार्थियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अगर एक कक्षा में पहले 30 में 18 बच्चे आ रहे थे तो अब यह संख्या आमतौर पर 22 के करीब हो गई है।
विद्यार्थियों में ऑफलाइन कक्षाओं का उत्साह देखने लायक है। स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ रही है। ऑनलाइन के मुकाबले ऑफलाइन कक्षाओं में विद्यार्थी अधिक समझते हैं। - सविता सिंह, प्रधानाचार्या वीनस पब्लिक स्कूल
पढ़ाई तो शिक्षकों के सामने बैठने से ही समझ आती है। स्कूल आकर काफी उत्साहित हूं। - निशांत, छात्र
ऑनलाइन कक्षा में डाउट क्लियर नहीं हो पाते थे। अब सब समझ आ रहा है और पढ़ाई अच्छी हो रही है। - सौरव, छात्र