आरटीई के तहत सोमवार को निकाली गई दूसरे चरण की लॉटरी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोए़डा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सोमवार को दूसरे चरण की लॉटरी निकाली गई। सत्यापित 1829 आवेदकों में से 1276 विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटें आवंटित हुईं हैं। वहीं 553 बच्चों को स्कूल नहीं मिल पाया। दूसरे चरण के लिए आए आवेदनों में से 702 का आवेदन निरस्त कर दिया गया था।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निरस्तीकरण का कारण दस्तावेजों की कमी और दूसरी ग्राम पंचायत के स्कूलों में आवेदन करना था। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण की प्रक्रिया 12 से 25 मार्च तक चलेगी। 27 मार्च को लॉटरी निकलेगी और 29 मार्च को सीट अलॉट होगी। उन्होंने बताया कि दोनों चरणों को मिलाकर 3507 विद्यार्थियों को को सीटें आवंटित हो चुकी हैं।