पीपाका में अवैध खनन, चार नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज
तावडू। उपमंडल की अरावली की पहाड़ियों में अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपमंडल के गांव पीपाका में एक और अवैध खनन का मामला सामने आया है, जिसे लेकर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनन अधिकारी बीडी यादव गुरुग्राम/नूंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि जिले में खनन कार्य पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। इसकी अनुपालना में खनन रक्षक सुरेश कुमार और वीरंद्र सिंह गांव पीपाका स्थित पहाड़ का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान एक खान में तीन-चार मजदूर अवैध खनन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी टीम को देखकर फरार हो गए। खान में जाने वाले रास्ते पर डंपरों के टायरों के निशान पाए गए। पूछताछ में पता चला कि आरोपी साहून, मुबारिक व सादिक निवासी गांव पीपाका व सकील निवासी गांव भूतलाका थाना तावडू अवैध खनन के कार्य में लिप्त हैं।
इलाके की अरावली पहाड़ियों में चोरी छिपे धड़ल्ले से अवैध खनन जारी है। बीते तीन दिनों में खनन अधिकारी एवं भू-विज्ञान विभाग की ओर से अवैध खनन मामले में संलिप्त करीब 80 खनन माफियाओं के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। 28 मई को गांव पचगांवा में खनन विभाग टीम के साथ पहुंची पुलिस पर खनन माफियाओं द्वारा पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गया।
सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।