नोएडा। कोतवाली फेज-3 क्षेत्र स्थित मामूरा चौकी के प्रभारी पर दुकानदार से 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। दुकानदार ने वीडियो जारी कर चौकी प्रभारी पर दुकान चलाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया है। सोमवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवक का कहना है कि वह पैसे नहीं दे पाएगा और आत्महत्या के अलावा उसके पास कोई विकल्प नहीं है। वहीं चौकी प्रभारी ने आरोप को निराधार बताया है।
सोमवार को वरुण कुमार नाम के युवक का 1 मिनट 31 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वरुण बता रहा है कि वह सर्फाबाद गांव का रहने वाला है और मामूरा सेक्टर-66 की गली नंबर-2 में पिज्जा बर्गर की दुकान चलाता है। उसके साथ तीन और कर्मचारी काम करते हैं। ये लोग जोमेटो के लिए भी सर्विस देते हैं। वीडियो में वरुण बता रहा है कि मामूरा के चौकी प्रभारी गिरिराज सिंह उसे 6 से 7 बार उठा कर ले गए। आरोप है कि चौकी इंचार्ज दुकान चलाने के एवज में उससे 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। लेकिन वह पैसे देने में असमर्थ है। वरुण पहले मोबाइल की दुकान चलाता था, वहां नुकसान होने के बाद दूसरा काम शुरू किया था। वहीं मामूरा के चौकी प्रभारी गिरिराज सिंह का कहना है कि आरोप बिल्कुल निराधार हैं। वह एक महीने पहले ही चौकी पर आए हैं।