ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की रक्षा एडेला सोसाइटी में शुक्रवार देर रात डांडिया कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों में झगड़ा हो गया। इस दौरान गर्भवती और पति ने बीचबचाव का प्रयास किया तो नशे में धुत दो युवकों ने महिला से अभद्रता और धक्कामुक्की कर पति को पीट दिया।
सोसाइटी वासियों का कहना है कि नशे में धुत कुछ युवकों में मारपीट हो गई थी। जब गर्भवती और पति ने बीचबचाव का प्रयास किया तो झगड़ा कर रहे दो युवकों ने गर्भवती को धक्का दे दिया और अभद्रता की। जब महिला के पति ने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसे पीट दिया।
इधर, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सोसाइटी निवासी महिलाएं धरने पर बैठ गईं। लोगों ने सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए और पुलिस को सूचना दी। देर रात पीड़ित व सोसाइटी के लोग कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई होगी। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।